•युवाओं को जर्मन और जापानी भाषा का मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण
बस्ती। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय बस्ती द्वारा युवाओं को रोजगारपरक विदेशी भाषा प्रशिक्षण देने की पहल की गई है। सेवायोजन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित इस योजना के तहत युवाओं को जर्मन एवं जापानी भाषा का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके लिए रोजगार संगम पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर जाकर “Language Training Registration” टैब के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन करने के लिए पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगा। आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या होने पर अभ्यर्थी क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, कटरा मूडघाट रोड, बस्ती से संपर्क कर सकते हैं।
