Share

तेज हवा से बढ़ी आग, फायर ब्रिगेड नेकाफी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

कुदरहा। लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिपरपाती एहतमाली गांव में रविवार दोपहर एक छप्पर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने से छप्पर में बंधी बकरी के तीन बच्चे सहित वहां रखा सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार पिपरपाती एहतमाली निवासी रामनयन पुत्र बाढ़ू के पशुचारा रखने वाले छप्पर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

तेज पछुआ हवा के कारण आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों के प्रयास के बावजूद जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक छप्पर में बंधी बकरी के तीन बच्चे, एक गुमटी तथा अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इस संबंध में हल्का लेखपाल सुरेंद्र प्रताप ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।


Share