Share

सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के गुलहरिया गांव में शनिवार-रविवार की रात चोरी की नीयत से एक घर में घुसे तीन चोरों को भोर में परिवार के लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, गुलहरिया गांव निवासी श्याम किशोर तिवारी शनिवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद सो गए थे। रविवार भोर करीब साढ़े तीन बजे घर में आहट होने पर उनकी नींद खुल गई। उन्होंने सतर्कता दिखाते हुए परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया और आवाज की दिशा में पहुंचे।

इस दौरान परिवार के लोगों ने एक चोर को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि अन्य दो चोरों को भी ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना तत्काल बिजौरा चौकी प्रभारी जयप्रकाश प्रसाद को दी गई।

सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर निकले चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर त्रिलोकपुर थाने ले गए।

पकड़े गए आरोपितों की पहचान शेहरे रजा पुत्र हबीबुल्ला, मोहम्मद इरशाद पुत्र मोहम्मद इकराम निवासी बिजौरा थाना त्रिलोकपुर तथा शाकिर अली पुत्र जाकिर अली निवासी कादिराबाद थाना डुमरियागंज के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा दो चाकू बरामद किए हैं। पीड़ित श्याम किशोर तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी में श्याम किशोर तिवारी, चौकी प्रभारी जयप्रकाश प्रसाद तथा कांस्टेबल अर्जुन यादव की सराहनीय भूमिका रही।


Share