•शिक्षा एवं समाज सेवा में योगदान को किया गया याद, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
कुदरहा, बस्ती। कुदरहा विकास क्षेत्र के ब्लॉक मुख्यालय स्थित राघव राम बचन शिवा सरस्वती विद्यापीठ में विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक, पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी स्वर्गीय चंद्र भूषण त्रिपाठी की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा और भावपूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।





कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक पंडित रमाकांत मिश्र द्वारा स्वर्गीय चंद्र भूषण त्रिपाठी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि पंडित रमाकांत मिश्र ने कहा कि स्वर्गीय चंद्र भूषण त्रिपाठी एक दूरदर्शी प्रबंधक और सच्चे शिक्षाविद थे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की जो अलख जगाई, वह आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुकी है। उनका जीवन शिक्षा और समाज सेवा को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को सम्मानित करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, क्योंकि वे सदैव बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए चिंतित रहते थे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रत्नाकर प्रसाद पांडेय ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रबंधक जी का असमय निधन विद्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका मार्गदर्शन सदैव नई ऊर्जा प्रदान करता था। उन्होंने कहा कि भले ही वे आज हमारे बीच भौतिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और सपने सदैव विद्यालय परिवार को प्रेरित करते रहेंगे।
मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर विद्यालय की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एलकेजी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री कृष्ण उर्फ डब्लू त्रिपाठी ने किया।
इस अवसर पर शशिधर मिश्र, रसिकेंद्र मणि ओझा उर्फ लल्लू ओझा, संतोष पाल, भोला त्रिपाठी, अनिल सिंह, राम ललित यादव, गजन त्रिपाठी, विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
