Share

धनघटा में विधायक व डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

संत कबीर नगर। जनपद की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। धनघटा तहसील में विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की उपस्थिति में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। जनपद की तीनों तहसीलों में कुल 171 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 16 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कराया गया।

धनघटा तहसील में जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर जांच की जाए।

विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान ने अधिकारियों से कहा कि संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता एवं अन्य पक्षों की बात सुनते हुए मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और उनकी संतुष्टि के प्रति शासन गंभीर है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

धनघटा तहसील में कुल 44 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 05 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कानून एवं व्यवस्था से संबंधित शिकायतों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने की। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं थानाध्यक्षों को प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, उप जिलाधिकारी धनघटा वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता, पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय मिश्रा, तहसीलदार प्रतिमा मौर्या, अधिशासी अभियंता विद्युत राजेश कुमार सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

मेंहदावल में 47 शिकायतें, दो का मौके पर निस्तारण

मेंहदावल तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश ने की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राजस्व सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

मेंहदावल तहसील में कुल 47 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 02 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कराया गया। दो अन्य मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम भेजने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवाद सहित अन्य मामलों में दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनकर आवश्यकतानुसार स्थलीय जांच के बाद गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी राजकुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्व दमन सिंह, तहसीलदार अल्पिका वर्मा सहित तहसील स्तरीय अधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं लेखपाल मौजूद रहे।

खलीलाबाद में 80 शिकायतें, नौ मामलों का निस्तारण

खलीलाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई उप जिलाधिकारी हृदय राम तिवारी ने की। उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

खलीलाबाद तहसील में कुल 80 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 09 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया। इसके अलावा 06 प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण के लिए टीम भेजने के निर्देश दिए गए।

उप जिलाधिकारी ने भूमि विवाद, जमीन की पैमाइश, अतिक्रमण, वरासत तथा खतौनी में त्रुटियों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर जांच और दोनों पक्षों की बात सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, तहसीलदार अनुराग यादव सहित राजस्व निरीक्षक, राजस्व कर्मचारी एवं लेखपाल उपस्थित रहे।


Share