•जंबूरी व राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त बच्चों को वितरित हुए प्रमाण पत्र।
के. के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में भारत स्काउट गाइड उत्तर प्रदेश जनपद संत कबीर नगर के तत्वावधान में जिला परिषद की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट प्रार्थना के साथ हुआ।
बैठक का संचालन जिला सचिव रवि प्रकाश श्रीवास्तव ने किया।बैठक में जिला सचिव द्वारा पूर्व बैठकों की कार्यवाही रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए जनपद में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों में दल पंजीकरण, नवीनीकरण, सीबीएसई विद्यालयों के प्रशिक्षण तथा स्काउट-गाइड गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।जिलाधिकारी ने पुरानी तहसील परिसर स्थित नायब तहसीलदार आवास द्वितीय में संचालित स्काउट भवन के मरम्मत कार्य हेतु धनराशि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
बैठक के दौरान 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी लखनऊ एवं राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त स्काउट-गाइड विद्यार्थियों को जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि हरिबक्स सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार चौधरी, प्रधानाचार्य रामनरेश चौधरी, जिला आयुक्त राकेश कुमार सिंह, जिला स्काउट मास्टर मनोज कुमार, जिला प्रशिक्षण आयुक्त अनिल, जिला गाइड कैप्टन अमरेश बहादुर सिंह, रेनू अग्रहरि, वर्षा चौहान सहित अनेक पदाधिकारी एवं स्काउट-गाइड छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
