•भनवापुर क्षेत्र के पांच पीएचसी पर मरीजों को बांटी गई निःशुल्क दवाएं
सिद्धार्थनगर। भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तरहर, बिजौरा, सोहना, कोहडौरा एवं बिस्कोहर में रविवार को जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में खांसी, गले में खराश, एसिडिटी, फंगल संक्रमण, जोड़ों के दर्द एवं त्वचा रोग सहित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित कुल 252 मरीजों का उपचार कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
स्वास्थ्य मेले के दौरान पीएचसी तरहर में डॉ. आशीष सत्यार्थी ने 42 मरीजों, पीएचसी बिजौरा में डॉ. ईशदेव आर्य ने 41 मरीजों, पीएचसी सोहना में डॉ. प्रिंस विश्वास ने 44 मरीजों, पीएचसी कोहडौरा में डॉ. राहुल कुमार ने 43 मरीजों तथा पीएचसी बिस्कोहर में डॉ. एससी शर्मा ने 82 मरीजों का उपचार किया।
अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने पीएचसी बिजौरा एवं तरहर पहुंचकर जन आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्साधिकारी एवं पैरामेडिकल स्टाफ ड्यूटी पर उपस्थित मिले। उन्होंने निर्देश दिया कि आवश्यक दवा सूची के अनुसार अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान डॉ. ओझा ने बताया कि वर्तमान समय में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों का एचपीवी वैक्सीनेशन किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव संभव हो सके।
कार्यक्रम के दौरान पीएन तिवारी, अंबुज श्रीवास्तव, अखिलेश तिवारी, विनय किशोर, मनोज मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
