Share

कुदरहा, बस्ती। कुछ स्थान केवल भौगोलिक पहचान नहीं होते, बल्कि इतिहास की धड़कन बन जाते हैं। महुआ डाबर भी ऐसा ही एक गांव है, जहां की मिट्टी में आज भी 1857 की क्रांति की गूंज महसूस की जा सकती है। यहां की हवाओं में स्वाभिमान और शहादत की अनुगूंज आज भी जीवित है।

भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास केवल बड़े शहरों और राजमहलों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गांवों और खेत-खलिहानों में भी आजादी की लड़ाई पूरे साहस के साथ लड़ी गई। महुआ डाबर इसका जीवंत प्रमाण है। यहां स्थापित संग्रहालय केवल पुरानी वस्तुओं का संग्रह नहीं, बल्कि शहीदों की जीवित विरासत का प्रतीक बन चुका है।

10 जून 1857: जब अंग्रेजी हुकूमत को मिली चुनौती

इतिहास के अनुसार 10 जून 1857 को महुआ डाबर के महानायक जफर अली ने अपने साथियों के साथ मिलकर छह ब्रिटिश सैन्य अधिकारियों को मार गिराया था। इस घटना से अंग्रेजी शासन बौखला उठा। प्रतिशोध में अंग्रेजों ने लगभग पांच हजार की आबादी वाले पूरे गांव को “गैरचिरागी” घोषित कर उजाड़ दिया। खेत बंजर कर दिए गए और गांव को तबाह कर दिया गया, लेकिन यहां के लोगों का आत्मसम्मान नहीं मिट सका।

संग्रहालय में सुरक्षित हैं क्रांति के प्रमाण

आज करीब 169 वर्ष बाद भी महुआ डाबर की धरती पर इतिहास की अनुभूति स्पष्ट रूप से होती है। गांव में मौजूद खंडहरों के अवशेष, जंग लगे औजार, दुर्लभ सिक्के और दस्तावेज इस बात की गवाही देते हैं कि 1857 की लड़ाई केवल दिल्ली, मेरठ या लखनऊ तक सीमित नहीं थी, बल्कि बस्ती के इस छोटे से गांव ने भी आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

महुआ डाबर संग्रहालय के महानिदेशक शाह आलम राना बताते हैं कि वर्ष 1999 में संग्रहालय की स्थापना के समय यहां केवल मौखिक कथाएं थीं। गांव-गांव घूमकर बुजुर्गों से इतिहास संकलित किया गया, खेतों से अवशेष निकाले गए और सरकारी अभिलेखागारों से प्रमाण जुटाए गए। आज यह संग्रहालय उन गुमनाम शहीदों की स्मृति को संरक्षित किए हुए है, जिन्हें इतिहास में पर्याप्त स्थान नहीं मिल सका।

“विद्रोही गांव” घोषित करने के दस्तावेज भी मौजूद

संग्रहालय में अंग्रेजी शासन के वे आदेश भी सुरक्षित हैं, जिनमें महुआ डाबर को “विद्रोही गांव” घोषित कर नष्ट करने का फरमान जारी किया गया था। डॉ. राना के अनुसार यह इतिहास केवल अतीत नहीं, बल्कि वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। यहां का हर अवशेष शौर्य, बलिदान और स्वाभिमान की कहानी कहता है।

शहादत विरासत कॉरिडोर की जरूरत

महुआ डाबर संग्रहालय को भारत का पहला ऐसा संग्रहालय माना जाता है, जो 1857 के आम जन-नायकों को समर्पित है। यह स्थान बताता है कि आजादी की असली कीमत किसानों, मजदूरों और कारीगरों ने चुकाई थी।

आजादी के अमृतकाल में जहां देशभर में स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को सहेजने का प्रयास हो रहा है, वहीं महुआ डाबर अब भी अपनी पहचान के लिए संघर्ष कर रहा है। जरूरत है कि यहां “शहादत विरासत कॉरिडोर” विकसित किया जाए, ताकि देश-दुनिया इस गुमनाम लेकिन गौरवशाली इतिहास को करीब से जान सके।


Share