बस्ती। भारतीय लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य को लेकर बेटर लाइफ ट्रस्ट, बस्ती की ओर से रामनगर ब्लॉक के शंकरपुर गांव में आयोजित दिवसीय सांस्कृतिक कार्यशाला का समापन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि फिल्म निर्देशक संजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति हमारी पहचान है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी युवाओं को गंभीरता से निभानी होगी।
कार्यशाला में प्रतिभागियों ने लोक नृत्य, नृत्य नाटिका, सरस्वती वंदना एवं लोक गायन की प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। करीब 50 प्रतिभागियों ने कार्यशाला में भाग लेकर अपने अनुभव साझा किए।
विशिष्ट अतिथि रीना श्रीवास्तव ने कहा कि लोक कला और संस्कृति के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। संस्था लोक संस्कृति को संरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और आगे भी इस दिशा में कार्य जारी रहेगा। उन्होंने कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
समापन समारोह का शुभारंभ छात्राओं द्वारा मां सरस्वती की वंदना से हुआ। इसके बाद शास्त्रीय नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। गायन प्रतियोगिता में ‘शिव तांडव’ और ‘मेरी मां’ गीत की प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। सब जूनियर और सीनियर वर्ग में भारतीय लोक कला पर आधारित समूह लोक नृत्य ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। इस अवसर पर मंजू सिंह, प्रशांत द्विवेदी, प्राशी, दिप्ती, रोहित बतरा, कुलदीप सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
