Share

बरसाना। मथुरा की लोकप्रिय सांसद माननीया श्रीमती हेमा मालिनी एवं सुरपति दास जी महाराज के करकमलों द्वारा भक्तिवेदांत नेत्र चिकित्सालय में अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा मशीनों का भव्य लोकार्पण सम्पन्न हुआ। इस गरिमामयी अवसर पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, होंडा इंडिया फाउंडेशन तथा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के वरिष्ठ निदेशक एवं अधिकारीगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारीगण सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।अपने संबोधन में सांसद महोदया श्रीमती हेमा मालिनी जी ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने भक्तिवेदांत नेत्र चिकित्सालय द्वारा सेवा, समर्पण एवं मानवता के भाव से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नई मशीनों के माध्यम से क्षेत्र के हजारों मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक नेत्र उपचार की सुविधा प्राप्त होगी।

अस्पताल प्रशासन द्वारा बताया गया कि इन अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से नेत्र रोगों की जाँच एवं उपचार की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा मरीजों को आधुनिक तकनीक आधारित सेवाओं का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के प्रयासों की सराहना की।

समारोह के दौरान अस्पताल परिवार द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में चिकित्सकगण, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी आगंतुकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया।


Share