Share

महराजगंज। जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा द्वारा ग्राम सभा खजुरिया में 100 दिवसीय ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जहां कुल 63 संदिग्ध मरीजों की क्षय रोग (टीबी) संबंधी जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।

यह स्वास्थ्य शिविर अधीक्षक डॉ. डी.एन. सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए जनजागरूकता, समय पर जांच और नियमित उपचार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है और ऐसे शिविर इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

शिविर में मौजूद डॉ. जबिबुल्लाह खान ने बताया कि शिविर समाप्त होने के बाद भी अस्पताल में मरीजों के लिए नियमित जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी, ताकि किसी भी मरीज को इलाज के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।

वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक शिवेंद्र मिश्र ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी आकिब जावेद, फार्मासिस्ट हरकेश कुमार, लैब टेक्नीशियन मंजय यादव तथा स्टाफ नर्स मधु पटेल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहयोग कर शिविर को सफल बनाया।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और ‘टीबी मुक्त भारत’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


Share