•संस्कृति यूनिवर्सिटी में हुई कार्ययोजना बैठक, 16-17 मई को 12 सत्रों में होगा प्रशिक्षण।
•जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे बोले – स्वच्छता और विचार दोनों का प्रशिक्षण देंगे।
मथुरा। भारतीय जनता पार्टी, मथुरा द्वारा 16-17 मई को संस्कृति यूनिवर्सिटी में प्रस्तावित ‘दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर’ को ‘पॉलिथीन मुक्त’ रखने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को संस्कृति यूनिवर्सिटी में ही शिविर की कार्ययोजना को लेकर महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष श्री निर्भय पांडे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वर्ग प्रभारी श्री हेमंत शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्री निर्भय पांडे ने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘स्वच्छ भारत-सशक्त भारत’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए हमने निर्णय लिया है कि यह प्रशिक्षण शिविर पूर्णतः पॉलिथीन मुक्त होगा। कार्यकर्ताओं को पानी के लिए स्टील/कांच के गिलास, भोजन के लिए पत्तल-दोने एवं कपड़े के झोले का प्रयोग करना होगा। विचार के साथ व्यवहार का प्रशिक्षण भी जरूरी है।”
जिला अध्यक्ष श्री निर्भय पांडे ने कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि 16 मई को शिविर का उद्घाटन वरिष्ठ नेता द्वारा किया जाएगा। दो दिन में संगठन, विचारधारा, इतिहास, सोशल मीडिया, चुनाव प्रबंधन, केंद्र-राज्य सरकार की योजनाएं, बूथ प्रबंधन, मीडिया संवाद, डेटा प्रबंधन सहित कुल 12 सत्र आयोजित होंगे। शिविर में मंडल पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठ संयोजक, बूथ अध्यक्ष स्तर तक के लगभग 200 अपेक्षित कार्यकर्ता भाग लेंगे।
जिला महामंत्री श्री सत्यपाल चौधरी ने बताया कि शिविर स्थल पर पंजीकरण, आवास, भोजन एवं प्रशिक्षण सत्र की व्यवस्था हेतु 11 समितियों का गठन किया गया है।
जिला महामंत्री श्री आकाश चौधरी ने ‘पॉलिथीन मुक्त शिविर’ की रूपरेखा रखी प्रत्येक कार्यकर्ता को स्वदेशी उत्पाद से बना थैला व स्टील की बोतल प्रदान की जाएगी।
जिला महामंत्री श्री अमन ठाकुर ने कहा कि 12 सत्रों का यह प्रशिक्षण शिविर 2029 के लोकसभा चुनाव की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां से प्रशिक्षित होकर कार्यकर्ता ‘बूथ जीता-चुनाव जीता’ के मंत्र के साथ क्षेत्र में उतरेगा।बैठक में वर्ग प्रभारी श्री हेमंत शर्मा, शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ की क्षेत्र संयोजक श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, जिला उपाध्यक्ष श्री अनिल चौधरी, जिला मंत्री श्री सुरेश तरकर, श्री भानु प्रताप सिंह, श्री रणवीर सिंह, श्री मनीष पाराशर, श्रीमती मुदिता गोस्वामी, श्री भगत सिंह जादौन, श्री विक्रम सिंह, श्री नारायण पांडे सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं शिविर की विभिन्न समितियों के संयोजक उपस्थित रहे।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश व क्षेत्र के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। 17 मई को समापन सत्र में वरिष्ठ नेता का पाथेय प्राप्त होगा।
