मथुरा। के.डी. विश्वविद्यालय एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को के.डी. हॉस्पिटल में रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर एवं व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में दो दर्जन से अधिक चिकित्सकों, मेडिकल छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।



रक्तदान शिविर का शुभारम्भ केडी विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल द्वारा रक्तदान कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज चौधरी, डॉ. चित्रेश, डॉ. आलोक कुमार, केडी यूनिवर्सिटी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अरुण अग्रवाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अम्बरीश कुमार, केडी मेडिकल कॉलेज के डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गगन दीप सिंह, प्रो. डॉ. गुलशन कुमार तथा रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन महेश खंडेलवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर के समापन अवसर पर आयोजित व्याख्यान कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन महेश खंडेलवाल ने मानवता की सेवा में रेडक्रॉस की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी युद्ध, भूकंप, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत कार्यों के साथ-साथ रक्तदान, क्षय रोगियों की सेवा और जागरूकता अभियानों के माध्यम से भी निरंतर समाजसेवा कर रही है।
उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस सोसाइटी की राज्य शाखा के सभापति एवं उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, महासचिव रामानन्द कटियार तथा कोषाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में मथुरा इकाई लगातार सेवा कार्यों में सक्रिय है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केडी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. मनेष लाहौरी ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और इससे किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं होती, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
वहीं डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने रेडक्रॉस सोसाइटी के सेवाभावी कार्यों की सराहना करते हुए आयोजन में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। अंत में रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
