Share

बहादुरपुर (बस्ती)। शिक्षा के नाम पर दुकानदारी और मासूमों के भविष्य से खिलवाड़ का एक बड़ा मामला बहादुरपुर विकासखण्ड के सुजावलपुर (कुसौरा बाजार) गांव में सामने आया है। यहाँ ‘ग्लोबल चिल्ड्रेन्स एकेडमी’ और ‘ग्लोबल गर्ल्स इंटर कॉलेज’ जैसे लुभावने नामों से एक ही परिसर में अलग-अलग बोर्ड और पहचान बताकर शिक्षा का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है। आरोप है कि इस कथित विद्यालय का संचालक धर्मेंद्र, अभिभावकों को भ्रमित कर उनकी गाढ़ी कमाई लूट रहा है और बच्चों का भविष्य अंधकार में ढकेल रहा है।

मान्यता के नाम पर फर्जीवाड़ा, टीसी के लिए शोषण

क्षेत्रीय अभिभावकों का आरोप है कि संचालक धर्मेंद्र बच्चों को अपने जाल में फंसाकर दाखिला तो कर लेता है, लेकिन जब अभिभावक बच्चे का भविष्य सुरक्षित न देख टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) या मार्कशीट मांगते हैं, तो उन्हें बुरी तरह प्रताड़ित किया जाता है। टीसी देने के नाम पर मोटी रकम की मांग और मानसिक उत्पीड़न की खबरें आम हैं। कई अभिभावकों का कहना है कि मार्कशीट न मिलने के कारण उनके बच्चों का साल खराब हो रहा है और वे दूसरे स्कूलों में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं।

एक ही गांव, कई नाम, शून्य मान्यता?

हैरानी की बात यह है कि सुजावलपुर जैसे ग्रामीण क्षेत्र में ‘ग्लोबल’ ब्रांड के नाम पर कई स्कूल कागजों में या बोर्ड पर दिखाए जा रहे हैं, जबकि हकीकत में इनके पास विभाग की अनिवार्य मान्यता है या नहीं, यह जांच का विषय है। ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय का सारा तंत्र केवल अवैध वसूली और बच्चों के करियर को बंधक बनाने पर टिका है।

अभिभावकों की चेतावनी: कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन

त्रस्त अभिभावकों ने शासन-प्रशासन और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) से मांग की है कि इस फर्जी विद्यालय की तत्काल जांच कर इसे सील किया जाए। संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी और बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने के आरोप में मुकदमा दर्ज होना चाहिए। अभिभावकों का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द संज्ञान नहीं लिया, तो वे सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे

प्रशासन की रडार पर गैर-मान्यता प्राप्त स्कूल

गौरतलब है कि बस्ती जिले में हाल ही में 300 से अधिक गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों को चिन्हित किया गया है, जिनमें से दर्जनों पर तालाबंदी की जा चुकी है। अब देखना यह है कि बहादुरपुर के इस ‘ग्लोबल’ फर्जीवाड़े पर शिक्षा विभाग का डंडा कब चलता है।


Share