•बीएसए कार्यालय में वितरित हुए नियुक्ति पत्र, दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को मिलेगा नया संबल
बस्ती। सुप्रीम कोर्ट के आदेश और शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय बस्ती द्वारा मंगलवार को पांच विशेष शिक्षकों को स्थायी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
उत्तर प्रदेश शिक्षा निदेशालय (बेसिक) के निर्देश पर विशेष शिक्षक (CWSN) पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों को प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर नियुक्ति दी गई है। नियुक्ति पाने वालों में अजय कुमार वर्मा, अरुण कुमार चौधरी, पंकज मिश्रा, सुनील कुमार गुप्ता और वर्षा गर्ग शामिल हैं। इनमें तीन शिक्षकों की तैनाती प्राथमिक स्तर तथा दो की उच्च प्राथमिक स्तर पर की गई है।
बीएसए कार्यालय की ओर से चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में आवश्यक दस्तावेज एवं चिकित्सीय प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जल्द ही चयनित विद्यालयों में उनकी तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि यह नियुक्तियां लंबे समय से लंबित प्रक्रिया को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पूर्ण करते हुए की गई हैं। विभाग ने चयनित शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि विशेष शिक्षक दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगे।

