लखनऊ। राजधानी के सैरपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से एक नाबालिग बालिका से दोस्ती कर उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। स्वाट/सर्विलांस टीम (डीसीपी उत्तरी) और थाना सैरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को किसान पथ क्षेत्र से दबोचा गया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 10 मई 2026 को करीब 15 वर्षीय नाबालिग बालिका द्वारा थाना सैरपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए एक युवक ने उससे दोस्ती की और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।
शिकायत के आधार पर थाना सैरपुर में मुकदमा संख्या 47/2026 धारा 74/351(3)/352 बीएनएस, उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3/5(1), आईटी एक्ट की धारा 67 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त उत्तरी के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त अलीगंज के मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। स्वाट/सर्विलांस टीम और थाना सैरपुर पुलिस इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
सोमवार को पुलिस टीम सैरपुर बाजार क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग को धमकाने वाला युवक रैथा अंडरपास से चंद्रिका देवी मार्ग की ओर किसान पथ के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान शोएब उर्फ सौरभ सिंह (19) पुत्र सुबराती निवासी ग्राम कर्दा, थाना वजीरगंज, लखनऊ तथा वर्तमान पता मुस्लिम नगर, मस्जिद के निकट, थाना जानकीपुरम, लखनऊ के रूप में बताई। आरोपी पेशे से सैलून संचालक है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक वीवो मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर घटना में किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग लड़कियों से संपर्क करता था और धीरे-धीरे बातचीत बढ़ाकर उन पर मानसिक दबाव बनाता था। पुलिस के अनुसार, इस मामले में भी आरोपी ने कथित रूप से नाबालिग को धर्म परिवर्तन के लिए दबाव में लेने का प्रयास किया और मना करने पर उसकी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भयभीत किया।
पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और न्यायालय में पेश किया। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों और जनपदों से जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में स्वाट/सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल अवधेश गिरी, नदीम, संतोष कुमार, अमित कुमार गौतम, कांस्टेबल विशेष दुहुण, राघवेन्द्र प्रताप सिंह के साथ थाना सैरपुर के थानाध्यक्ष मनोज कुमार कोरी, महिला उपनिरीक्षक अनामिका सिंह, कांस्टेबल अरविंद कुमार वर्मा और राम निवास शामिल रहे।
