रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख। नगरपालिका मिश्रिख क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मोहल्ला दौलतपुर में बन रही इंटरलॉकिंग सड़क को लेकर स्थानीय लोगों ने मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य में पुरानी सड़क को हटाए बिना ही उसके ऊपर नई इंटरलॉकिंग सड़क बिछाने की तैयारी की जा रही है। वहीं नाली पर पहले से बने पट्टों के ऊपर केवल एक ईंट लगाकर नया पट्टा तैयार कर दिया गया। लोगों का कहना है कि पूरा पट्टा निर्माण कार्य एक ही दिन में समाप्त कर दिया गया।
मौके पर कार्य कर रहे मजदूरों ने बताया कि अगले दिन इसी सड़क पर इंटरलॉकिंग डाली जानी है। आरोप है कि निर्माण कार्य में न तो पुरानी सड़क को तोड़ा गया और न ही आधार को मजबूती से तैयार किया गया, जिससे सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल्दबाजी में तैयार की जा रही सड़क ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाएगी। लोगों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नगरवासियों ने जिलाधिकारी से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराए जाने और मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने की अपील की है।
