•शानदार उपलब्धि और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कलेक्ट्रेट में छात्रों का हुआ भव्य सम्मान।
के.के. मिश्रा, संवाददाता
खलीलाबाद। उदया इंटरनेशनल स्कूल, भुजैनी के स्काउट्स एवं गाइड्स ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से जनपद का गौरव बढ़ाया है। छात्रों की शानदार उपलब्धियों के लिए उन्हें संतकबीरनगर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया। समारोह में जिलाधिकारी ने छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स गतिविधियां बच्चों में अनुशासन, समाज सेवा और देशभक्ति की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने उदया इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे विद्यार्थी भविष्य में समाज और देश के लिए प्रेरणा बनेंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत तथा प्रशिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और स्काउट-गाइड जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने भी छात्रों की प्रतिभा और कौशल की सराहना की। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और गर्व साफ दिखाई दे रहा था। छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
