केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। सहायक आयुक्त हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग, परिक्षेत्र गोरखपुर ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हथकरघा उद्योग से जुड़े बुनकरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “सन्तकबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना” संचालित की जा रही है। योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उत्कृष्ट एवं कलात्मक हथकरघा उत्पादों के नमूने आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आयुक्त एवं निदेशक, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग उत्तर प्रदेश, कानपुर के निर्देशानुसार परिक्षेत्र के बुनकरों से गुणवत्तापूर्ण एवं आकर्षक उत्पादों के सैम्पल प्राप्त किए जाएंगे। इन सैम्पलों का चयन शासन द्वारा गठित समिति के माध्यम से किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी गोरखपुर करेंगे।
चयनित बुनकरों को निदेशालय की ओर से सम्मानित किया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार के लिए 20 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार के लिए 15 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के लिए 10 हजार रुपये नकद प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही शील्ड एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
सहायक आयुक्त ने परिक्षेत्र के सभी बुनकरों से अपील की है कि वे अपने उत्कृष्ट एवं कलात्मक हथकरघा उत्पादों के सैम्पल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अथवा क्षेत्रीय कर्मचारियों के जरिए या सीधे सहायक आयुक्त हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग, परिक्षेत्र गोरखपुर कार्यालय में जमा करा सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 जून 2026 निर्धारित की गई है।
