मथुरा। मथुरा की माननीय सांसद श्रीमती हेमा मालिनी जी की गरिमामयी उपस्थिति में मथुरा रिफाइनरी ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम के अंतर्गत जनस्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु भक्तिवेदांत आई हॉस्पिटल को अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा उपकरण प्रदान किए।
मथुरा रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख श्री मुकुल अग्रवाल द्वारा अस्पताल को ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप (01), आईओएल मास्टर-700 (01) एवं लीजन फेको मशीनें (02) औपचारिक रूप से हस्तांतरित की गईं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल ब्रज क्षेत्र के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। अस्पताल को उपलब्ध कराई गई आईओएल मास्टर-700 मशीन ऑपरेशन से पूर्व आंखों की अत्यंत सूक्ष्म जांच कर मरीज के लिए उपयुक्त लेंस के चयन में सहायता प्रदान करेगी, जिससे उपचार की गुणवत्ता एवं सटीकता में वृद्धि होगी।
वहीं, लीजन फेको मशीन के माध्यम से आधुनिक एवं बिना टांके की मोतियाबिंद सर्जरी संभव हो सकेगी, जिससे मरीजों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त होगा तथा संक्रमण की संभावना भी कम होगी।
इसके अतिरिक्त, ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप मशीन सर्जनों को ऑपरेशन के दौरान अधिक स्पष्ट एवं सूक्ष्म दृश्य उपलब्ध कराएगी, जिससे सर्जरी की सफलता दर को और मजबूती मिलेगी। इन अत्याधुनिक सुविधाओं के उपलब्ध होने से अब क्षेत्र के मरीजों को उन्नत नेत्र उपचार हेतु बड़े शहरों की ओर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यह पहल स्थानीय स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आमजन के समय, धन एवं असुविधा को भी कम करने में सहायक होगी।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की मथुरा रिफाइनरी द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक उत्तरदायित्व पहलों के माध्यम से समाज के समग्र विकास हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है। ‘राष्ट्र-प्रथम’ की भावना के अनुरूप मथुरा रिफाइनरी ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक विकास एवं जनकल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।
भक्तिवेदांत आई हॉस्पिटल ब्रज क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने वाला एक प्रमुख संस्थान है, जो जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में निरंतर कार्यरत है।
इस अवसर पर भक्तिवेदांत आई हॉस्पिटल के प्रबंधन एवं नेतृत्व दल के सदस्यगण तथा जिला चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
