Share

बस्ती। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बुधवार को इफको किसान सेवा केंद्र गोटवा, रिंग रोड निर्माण कार्य, 84 कोसी परिक्रमा मार्ग, बृहद गो संरक्षण केंद्र कोईलपुरा, भारत-इजराइल आम उत्कृष्टता केंद्र तथा कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इफको किसान सेवा केंद्र में जिलाधिकारी ने उर्वरक स्टॉक, कृषि रसायन रजिस्टर एवं फर्टिलाइजर बिक्री अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि उर्वरक प्राप्त करने वाले किसानों का फार्म रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से किया जाए। केंद्र प्रभारी निखिल द्विवेदी एवं इफको क्षेत्राधिकारी शुभम विश्वकर्मा ने बताया कि कई बार पॉइंट ऑफ सेल मशीन में सर्वर समस्या आने से उर्वरक बिक्री प्रभावित होती है।

गोटवा स्थित रिंग रोड निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान प्रोजेक्ट डायरेक्टर नुशरत रवान, प्रोजेक्ट इंजीनियर रोहित श्रीवास्तव तथा प्रोजेक्ट मैनेजर विनय द्विवेदी को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

84 कोसी परिक्रमा मार्ग के सुधार एवं विकास कार्य के निरीक्षण के दौरान तैयारियां अधूरी मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर समस्या होने पर तत्काल अवगत कराया जाए।

वृहद गोसंरक्षण केंद्र कोईलपुरा में निरीक्षण के दौरान 272 गोवंश संरक्षित पाए गए। जिलाधिकारी ने भूसा एवं चारे की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए वर्षा से पूर्व भूसे का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पशु चिकित्साधिकारी सतीश वर्मा को पशुओं का समय से टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।

भारत-इजराइल आम उत्कृष्टता केंद्र में विभिन्न प्रजातियों के आमों का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने संयुक्त कृषि निदेशक उद्यान अवनीश श्रीवास्तव को किसानों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी हर्रैया सत्येन्द्र सिंह, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, जिला कृषि अधिकारी बी.आर. मौर्य, वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. एस.के. तोमर, प्रोजेक्ट डायरेक्टर संदीप वर्मा, असिस्टेंट इंजीनियर आयुषी, जेई दिव्या सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Share