बस्ती। जनपद में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने के कारण भीषण गर्मी, गर्म हवाओं और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान ने आमजन को गर्मी से बचाव के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि गर्म हवाओं से बचने के लिए घर की खिड़कियों को एल्यूमिनियम पन्नी, गत्ते या अन्य रिफ्लेक्टर सामग्री से ढककर रखें तथा जिन खिड़कियों और दरवाजों से दोपहर में गर्म हवा आती है, वहां काले पर्दों का उपयोग करें।
उन्होंने लोगों से स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण लेने की अपील की। बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहन में अकेला न छोड़ने तथा दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
एडीएम ने बताया कि गर्मी में शरीर में पानी और नमक की कमी होने पर लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। विशेष रूप से हृदय रोग, मधुमेह, मोटापा, पार्किंसन, शराब की लत तथा अन्य पुरानी बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों को अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि तेज सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी, अत्यधिक कमजोरी, पसीना बंद होना, तेज सांस चलना, भ्रम की स्थिति और मूत्र में कमी जैसे लक्षण लू के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेना जरूरी है।अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 05 वर्ष से कम आयु के बच्चे, 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, खेतों, निर्माण कार्यों और उद्योगों में कार्यरत श्रमिक तथा खिलाड़ी हीटवेव के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं।
उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ओआरएस, छाछ, लस्सी, नींबू पानी, बेल का शर्बत और आम का पना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी। साथ ही हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, सिर ढककर बाहर निकलने तथा घर के अंदर ठंडा वातावरण बनाए रखने को कहा गया।
नियोक्ताओं को निर्देशित किया गया है कि कार्यस्थलों पर ठंडा पेयजल उपलब्ध कराएं, श्रमिकों को सीधी धूप से बचाएं तथा अधिक परिश्रम वाले कार्य ठंडे समय में कराएं। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और कमजोर व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की गई है।
शिशुओं और पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने सावधानी बरतने की सलाह दी है। बच्चों को पर्याप्त पानी पिलाने और पशुओं को छायादार स्थान में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आपदा संबंधी सहायता के लिए एम्बुलेंस सेवा 108, पुलिस सहायता 112, राहत आयुक्त कार्यालय 1070 तथा जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर बस्ती के कंट्रोल रूम 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।
