Share

संत कबीर नगर। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह एवं प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय नासिर अहमद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सभी न्यायालयों से संबंधित नोटिसों की तामीला कराई जा रही है तथा राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।

प्रधान न्यायाधीश नासिर अहमद ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि लोग राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रतिभाग कर इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि ऐसे पारिवारिक विवाद, जो किसी न्यायालय में लंबित नहीं हैं, उन्हें भी प्री-लिटिगेशन स्तर पर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारित कराया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इसके लिए पक्षकारों को केवल एक प्रार्थना पत्र देकर अपने विवाद का विवरण प्रस्तुत करना होता है। लोक अदालत में निस्तारित मामलों का आदेश न्यायालय की डिक्री के समान मान्य होता है।


Share