महराजगंज। महराजगंज पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयों के साथ तीन अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद दवाइयों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई अशोक मुथा जैन तथा एस. चनप्पा के निर्देशन एवं शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी सदर अकुर गौतम के मार्गदर्शन में थाना श्यामदेउरवां प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम श्यामदेउरवां स्टेडियम के पास छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गोरखपुर निवासी रामसमुश केवट (40 वर्ष), नवीन कुमार गौतम (28 वर्ष) एवं संदीप कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी पिछले लगभग तीन माह से किराये की गाड़ियों के माध्यम से नशीली दवाओं की सप्लाई कर रहे थे। तीनों पहले गोरखपुर में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्य कर चुके हैं।
बरामदगी में शामिल सामग्री:- ट्रैमालैब कैप्सूल के 26 पैकेट (6240 कैप्सूल); एलजोमैक टैबलेट के 73 पैकेट (43,800 टैबलेट) एवं अल्ट्रापार नियो टैबलेट के 25 बॉक्स (3750 टैबलेट)।
पुलिस के अनुसार आरोपी इन प्रतिबंधित दवाओं को गोरखपुर से लाकर विभिन्न क्षेत्रों में बेचने की तैयारी में थे। बरामद दवाओं की बाजार में उपलब्धता अत्यंत सीमित बताई जा रही है।
इस मामले में थाना श्यामदेउरवां में मु0अ0सं0 131/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
