सिद्धार्थनगर। विधानसभा क्षेत्र इटवा स्थित वेलकम मैरेज हाल में रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग मंडल कार्यशाला का उद्घाटन सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी रहे।



कार्यशाला में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना तथा कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मुख्य अतिथि डॉ. सतीश द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होते हैं। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के सिद्धांतों को वर्तमान राजनीति में अत्यंत प्रासंगिक बताया।
उन्होंने केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा जनता के बीच जाकर संगठन को और मजबूत बनाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना से कार्य करते हैं, जो पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।कार्यशाला में संगठन की कार्यपद्धति, बूथ सशक्तिकरण, सोशल मीडिया की भूमिका तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
दूसरे सत्र के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने कहा कि संगठन का विस्तार केवल सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि समाज में राष्ट्र चेतना जागृत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष इटवा विकास जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप कशौधन, भाजपा मंडल अध्यक्ष कन्हैया विश्वकर्मा, जिला महामंत्री फूलचंद्र जायसवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेश पाठक, दीप नारायण तिवारी, गुड्डू यादव, अमित दुबे, पुजारी वर्मा, कुलदीप चौधरी, रमाकांत मौर्य, घनश्याम जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
