Share

कुदरहा(बस्ती)। रामजानकी मार्ग पर शाम को टेंपो और बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट होने की भी बात सामने आई है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ओपेक चिकित्सालय कैली रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार संतकबीरनगर जिले के हैसर बाजार से पानी सप्लाई कर लौट रहे व्यापारी आकाश मिश्रा की दूल्हापार चौराहे पर अवधेश यादव (24) पुत्र सुरेंद्र यादव एवं शुभम (19) पुत्र फूलचंद से कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई, हालांकि स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।

आरोप है कि इसके बाद पलहिया गांव के पास सुनसान इलाके में बाइक सवार युवकों ने टेंपो रोककर दोबारा विवाद शुरू कर दिया। आकाश मिश्रा का आरोप है कि युवकों ने लोहे की सरिया से हमला कर चलते टेंपो का शीशा तोड़ दिया।

इसी दौरान चकिया गांव स्थित गांधी आश्रम के पास कुदरहा की ओर से किराना सामान लेकर जा रहे रामपुर निवासी शैलेश (20) पुत्र ओमप्रकाश की बाइक, अवधेश की बाइक से टकरा गई। हादसे में अवधेश और शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निजी वाहन से सीएचसी बनहरा कुदरहा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को ओपेक चिकित्सालय कैली रेफर कर दिया।वहीं घायल युवकों का कहना है कि उनका व्यापारी से कोई विवाद नहीं था।

उनका आरोप है कि टेंपो चालक द्वारा साइड मारने से बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Share