Oplus_131072
Share

मिश्रिख (सीतापुर)। पंचायत चुनावों की आहट के साथ ही जिले में राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। नैमिषारण्य थाना क्षेत्र की ठाकुर नगर ग्राम सभा में पोस्टर लगाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गंज मुरादाबाद निवासी एवं प्रधान पद के संभावित प्रत्याशी प्रदीप उर्फ बसंतू पासी द्वारा क्षेत्र में शुभकामना पोस्टर लगाए गए थे। आरोप है कि यह बात मौजूदा प्रधान पक्ष को नागवार गुजरी। पीड़ित का आरोप है कि शुक्रवार रात वर्तमान ग्राम प्रधान के भाई राजेश गुप्ता ने फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी।

बताया जा रहा है कि फोन वार्ता का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में कथित रूप से बसंतू पासी के अलावा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों के लिए भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। हालांकि वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

पीड़ित द्वारा शनिवार को पुलिस से शिकायत किए जाने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी राजेश गुप्ता के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार आरोपी हाल ही में एक अन्य आपराधिक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजेश कुमार ने कहा कि प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


Share