महराजगंज। ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर जनपद भर के शिवालयों में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम चौक स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में संपन्न हुआ, जहां नगर पंचायत चौक से मंदिर स्थित शिवालय तक महिलाओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं एवं आमजन शामिल हुए।
कलश यात्रा के उपरांत परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला सूचना अधिकारी सहित श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया। इसके बाद गुजरात के सोमनाथ मंदिर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
वहीं कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित ‘सोमनाथ संवाद’ कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों और आमजन ने सहभागिता की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की आस्था, संस्कृति और संघर्ष की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर सदियों से भारतीय सभ्यता को आत्मविश्वास, शक्ति और एकता का संदेश देता आया है। धार्मिक स्थल केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना और गौरवशाली इतिहास के प्रतीक भी हैं।
जनपद के विभिन्न शिवालयों में भी पूजन-अर्चन, मंत्रोच्चार और रुद्राभिषेक के आयोजन किए गए। इसके साथ ही सभी मंदिर परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
गौरतलब है कि गुजरात के प्रभास पाटन स्थित विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माना जा रहा है
