महराजगंज। सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी कर वाहवाही लूटने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। सड़क सुरक्षा नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाले युवक के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी को सीज कर दिया तथा ₹50 हजार का चालान किया है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें नौतनवा क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर एक युवक चलती स्कॉर्पियो से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में नौतनवा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान युवक की पहचान प्रिन्स मद्वेशिया पुत्र रमेश मद्वेशिया, निवासी जगरनाथपुर टोला परशुरामपुर, थाना सोनौली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई। पुलिस ने संबंधित स्कॉर्पियो वाहन का ₹50 हजार का चालान करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।
महराजगंज पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि सड़क पर स्टंटबाजी कर अपनी और दूसरों की जान खतरे में न डालें। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करना दंडनीय अपराध है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
