•चार केंद्रीय एवं जिला कारागार भी बनाए गए परीक्षा केंद्र, तीन पालियों में होंगी परीक्षाएं
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की सत्र जून 2026 की परीक्षाएं 14 मई 2026 से प्रदेश के 156 परीक्षा केंद्रों पर प्रारंभ होंगी। इन परीक्षा केंद्रों में 4 जिला एवं केंद्रीय कारागार भी शामिल किए गए हैं। परीक्षाएं 3 जून 2026 तक संचालित की जाएंगी। इस दौरान लगभग 65 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
यह जानकारी परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर जी. के. द्विवेदी ने दी। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर समय सारणी अपलोड कर दी गई है। सभी विषयों के प्रवेश पत्र भी ऑनलाइन उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिन्हें डाउनलोड कर परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे।
परीक्षाएं प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित होंगी। पहली पाली प्रातः 7 बजे से 10 बजे तक, दूसरी पाली 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा तीसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित की जाएगी।
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों एवं विश्वविद्यालय के निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति द्वारा प्रदेश भर में 156 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें प्रयागराज क्षेत्र में सर्वाधिक 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा गोरखपुर में 21, वाराणसी में 24, अयोध्या में 18, लखनऊ में 11, बलिया में 14, कानपुर में 8, आगरा एवं झांसी में 9-9, मेरठ में 5, गाजियाबाद में 4 तथा बरेली में 3 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा जेल बंदियों की शिक्षा के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस क्रम में गोरखपुर, बरेली, बस्ती तथा फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार, फर्रुखाबाद को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां बंदी परीक्षार्थियों को परीक्षा दिलाई जाएगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने मंगलवार को परीक्षा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पारदर्शी एवं नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए उड़ाका दल एवं पर्यवेक्षक दल गठित किए जाने की जानकारी दी। साथ ही गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर शीतल पेयजल एवं हवादार कमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि परीक्षार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में क्षेत्रीय केंद्रवार सहायता पटल स्थापित किया गया है। यहां परीक्षार्थियों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।
