Share

प्रयागराज/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रयागराज में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की अर्थव्यवस्था के लिए सबसे बड़ा संकट बन चुकी है और प्रधानमंत्री की हालिया अपील भाजपा के पतन का संकेत है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बीते 12 वर्षों में देश की आर्थिक व्यवस्था को कमजोर कर दिया है और अब जनता के सामने अपील करने की स्थिति में पहुंच गई है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अर्थव्यवस्था को लेकर लगातार बड़े-बड़े दावे करती रही, लेकिन आज देश की आर्थिक स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार की नीतियां सफल थीं, तो अर्थव्यवस्था क्यों लड़खड़ा गई और क्यों पटरी से उतरती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और सरकार को जनता से इस प्रकार की अपील क्यों करनी पड़ रही है, यह खुद सरकार की विफलताओं का प्रमाण है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार झूठ बोलने का काम कर रही है। उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर भाजपा को घेरते हुए कहा कि वर्ष 2023 में संसद से पारित महिला आरक्षण विधेयक कानून बन चुका है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने का काम कर रही है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा वास्तव में महिलाओं को आरक्षण देना ही नहीं चाहती और उसके मन में महिला आरक्षण को लेकर खोट है।उन्होंने कहा कि जब सरकार को यह समझ में आ गया कि परिसीमन विधेयक पारित नहीं हो सकेगा, तब 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून का नोटिफिकेशन जारी किया गया।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संसद से पारित बिल को लेकर मुख्यमंत्री विधानसभा में प्रस्ताव लेकर आए, जो भाजपा के राजनीतिक पतन को दर्शाता है।अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा भी अधूरा रह गया है, जबकि महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। उनके अनुसार भाजपा सरकार देश के लिए खुद एक बड़ा संकट बन चुकी है और आम जनता बढ़ती आर्थिक समस्याओं से जूझ रही है।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के निजी सचिव की हत्या में शामिल आरोपी के साथ भाजपा नेताओं की कथित तस्वीरों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आरोपी की तस्वीरें भाजपा के कई नेताओं के साथ सामने आई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार के मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका संदिग्ध रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आरोपी के पक्ष में कुछ भाजपा नेता सिफारिश कर रहे हैं। झांसी में कथित 100 करोड़ रुपये के घोटाले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के बड़े नेताओं के करीबी लोगों के नाम ऐसे मामलों में सामने आ रहे हैं।


Share