Share

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने शुक्रवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 84 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। शासन द्वारा जारी सूची में एडीएम, नगर मजिस्ट्रेट, अपर नगर आयुक्त, एसडीएम, विकास प्राधिकरण सचिव समेत विभिन्न पदों पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण जिलों और विभागों में बदलाव किए गए हैं। राहुल कश्यप विश्वकर्मा को एडीएम (प्रशासन) आजमगढ़ से सचिव, अलीगढ़ विकास प्राधिकरण नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. वैभव शर्मा को बदायूं से गोरखपुर का एडीएम (प्रशासन) बनाया गया है।

शासनादेश के अनुसार आलोक कुमार वर्मा को वाराणसी से मुख्य राजस्व अधिकारी सुल्तानपुर, प्रियंका सिंह को हरदोई से नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान लखनऊ का कमांडेंट तथा अजीत कुमार सिंह को प्रयागराज विकास प्राधिकरण से एडीएम (वि/रा) मुजफ्फरनगर भेजा गया है।

संजय कुमार को सचिव आगरा विकास प्राधिकरण, गजेन्द्र कुमार को एडीएम (नगर) गोरखपुर तथा श्रद्धा शांडिलयायन को गौतमबुद्धनगर का एडीएम (प्रशासन) बनाया गया है।

इसके अलावा शादाब असलम को अपर नगर आयुक्त प्रयागराज, जय प्रकाश को अपर आयुक्त गोरखपुर मंडल तथा नीता को अपर आयुक्त प्रयागराज मंडल नियुक्त किया गया है।

तबादला सूची में नगर निगमों और विकास प्राधिकरणों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। अमृता सिंह को अपर नगर आयुक्त कानपुर नगर निगम, दुर्गेश मिश्रा को अपर नगर आयुक्त वाराणसी नगर निगम तथा अर्पित गुप्ता को सचिव मेरठ विकास प्राधिकरण नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में अनिरूद्ध प्रताप सिंह को एडीएम (नगर) मेरठ, बृजेश कुमार सिंह को एडीएम (वि/रा) सीतापुर तथा सौरभ भट्ट को एडीएम (प्रशासन) अलीगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।

शासन ने कई नगर मजिस्ट्रेट और एसडीएम स्तर के अधिकारियों को भी नई तैनाती दी है। सतीश चन्द्र त्रिपाठी को नगर मजिस्ट्रेट गाजियाबाद, युवराज सिंह को नगर मजिस्ट्रेट मुरादाबाद, अमित शुक्ला को नगर मजिस्ट्रेट आगरा तथा सीमा पाण्डेय को अपर नगर आयुक्त नगर निगम गोरखपुर बनाया गया है।

वहीं महेश कुमार कैथल को उप निदेशक पर्यटन निदेशालय, अंजलि गंगवार को एडीएम (न्यायिक) गाजियाबाद तथा यदाव भूमिका राजबहादुर को प्रधान प्रबंधक, सहकारी चीनी मिल संघ नियुक्त किया गया है।

शासन के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आगामी विकास योजनाओं, नगरीय प्रशासन और राजस्व कार्यों में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


Share