Share

कुदरहा, बस्ती। विकास क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रघऊपुर में तैनात शिक्षक रामकृष्ण शुक्ल की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना से शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद दुबे एवं खंड शिक्षा अधिकारी सीपी गौड़ की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान शिक्षकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत शिक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की।

शोकसभा में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद दुबे ने कहा कि शिक्षा विभाग ने एक कर्तव्यनिष्ठ और समय के पाबंद शिक्षक को खो दिया है। उन्होंने कहा कि रामकृष्ण शुक्ल अपने कार्य के प्रति बेहद समर्पित थे और उनका असमय निधन सभी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षक समाज दिवंगत शिक्षक के परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़ा रहेगा।

बैठक में शिक्षकों ने परिवार की आर्थिक सहायता के लिए भी रणनीति तैयार की। नम आंखों से सभी ने दिवंगत शिक्षक को श्रद्धांजलि दी।

बताया गया कि रामकृष्ण शुक्ल सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के धनऊपुर गांव के निवासी थे और दो भाइयों में सबसे छोटे थे।

शोकसभा में ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय, चंद्रभान चौरसिया, बृजेश तिवारी, अखिलेश तिवारी, रवींद्र वर्मा, हरीश चौधरी, हिमाद्री द्विवेदी, आरती पांडेय, डॉ. अनुप सिंह, अभिषेक दुबे, अभिनव कश्यप, अमित श्रीवास्तव, अरुण वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।


Share