– दो दिन पूर्व इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था पेट्रोल पंप पर घटतौली में विवाद का विडियो
बस्ती। इंटरनेट मीडिया पर पेट्रोल पंप पर कथित घटतौली को लेकर वायरल हुए वीडियो और विवाद के बाद गुरुवार को बाट माप विभाग की टीम ने शहर स्थित मेसर्स जीतेन्द्र पेट्रोलियम की जांच की। जांच में पेट्रोल पंप पर कोई अनियमितता नहीं पाई गई।
बाट माप अधिकारी आदित्य किशोर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पेट्रोल की डिलीवरी और मशीनों की तकनीकी जांच की। जांच के दौरान पांच लीटर के मानक धारिता माप से पेट्रोल की मात्रा की शुद्धता परखी गई, जो निर्धारित मानक के अनुरूप मिली।
अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लगी सभी मशीनें सत्यापित एवं विधिवत मुद्रांकित पाई गईं। संबंधित प्रमाणपत्र भी मौके पर प्रदर्शित मिले।
टीम में शामिल कौशिक चौधरी ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक पेट्रोल पंप पर कंपनी एवं बाट माप विभाग की ओर से पांच लीटर का प्रमाणित धारिता माप उपलब्ध कराया जाता है। किसी भी ग्राहक को शंका होने पर वह मौके पर ही पेट्रोल की जांच करा सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में पेट्रोल पंपों पर हाइटेक व्यवस्था लागू होने से घटतौली की संभावना काफी कम हो गई है। जांच पूरी होने के बाद विभागीय टीम ने पेट्रोल पंप को क्लीन चिट दे दिया।
