Share

खाद वितरण में पारदर्शिता के दिए निर्देश, लापरवाही पर जताई नाराजगी

सीतापुर। किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने और उर्वरक वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी ने हरगांव क्षेत्र के विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर किसान आईडी अंकन एवं सत्यापन में लापरवाही पाए जाने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि उर्वरकों की बिक्री शासन द्वारा निर्धारित दरों पर ही की जाए तथा प्रत्येक प्रतिष्ठान पर स्टॉक बोर्ड प्रतिदिन अपडेट रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना किसान आईडी सत्यापन के किसी भी किसान को उर्वरक का वितरण न किया जाए।

सीडीओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रतिष्ठान पर ओवररेटिंग, टैगिंग अथवा अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा खाद वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।


Share