Share

महराजगंज। थाना बृजमनगंज पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए सात वर्षों से फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के इनामी दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद नेपाल में छिपकर रह रहे थे।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्ता विमला गिरी को सूर्यमानपुर कांछा चौराहा तथा अभियुक्त दिनेश गिरी को लेदवा चौराहा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 10 मई 2019 को संपत्ति विवाद में अभियुक्तों ने अपने ही भाई घनश्याम गिरी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना बृजमनगंज में मुकदमा संख्या 90/2019 धारा 302 और 201 भादवि के तहत केस दर्ज किया गया था। घटना के बाद दोनों आरोपी नेपाल भाग गए थे और लगातार फरार चल रहे थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विमला गिरी पत्नी दिनेश गिरी (53 वर्ष) एवं दिनेश गिरी पुत्र सुन्दर उर्फ रमेश गिरी (54 वर्ष) निवासी यशोधरा गांव पालिका वार्ड नंबर 03 बसंतपुर थाना तौलिहवा जनपद कपिलवस्तु, नेपाल के रूप में हुई है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल रहे वरिष्ठ उपनिरीक्षक तारकेश्वर वर्मा, उपनिरीक्षक आलोक यादव, कांस्टेबल ह्रदय नारायण यादव, हेड कांस्टेबल आलोक कुमार, कांस्टेबल संदीप गौतम तथा महिला कांस्टेबल छाया गौतम।


Share