रिपोर्ट: राहुल मिश्रा
मिश्रिख (सीतापुर)। शासन द्वारा सड़क सुरक्षा और वाहन नियमों के पालन को लेकर लगातार सख्ती बरती जा रही है, लेकिन मिश्रिख क्षेत्र में कुछ वाहन संचालक खुलेआम नियमों की अनदेखी करते नजर आ रहे हैं। थाना पिसावां क्षेत्र की कुतुबनगर पुलिस चौकी के सामने से बिना नम्बर प्लेट के मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली धड़ल्ले से गुजर रहे हैं, जिससे प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बिना नम्बर प्लेट के दौड़ रहे वाहन
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में कई ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना नम्बर प्लेट के मिट्टी ढोने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि संबंधित वाहन कृषि कार्य में प्रयोग हो रहे हैं या व्यावसायिक उपयोग में। नियमों के अनुसार व्यावसायिक वाहनों पर निर्धारित रंग की नम्बर प्लेट और वाहन विवरण अंकित होना अनिवार्य है।
सड़क पर गिरी मिट्टी, घंटों बाधित रहा आवागमन
बताया गया कि मिट्टी से भरी एक ट्रॉली का हुक टूट जाने से सड़क पर मिट्टी फैल गई, जिससे कई घंटों तक आवागमन प्रभावित रहा। राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस दौरान कोई बड़ा हादसा हो जाता तो जिम्मेदारी तय करना भी मुश्किल होता, क्योंकि संबंधित वाहन पर नम्बर प्लेट तक नहीं थी।
नियमों के पालन पर उठे सवाल
लोगों का कहना है कि शासन और न्यायालय के निर्देशों के अनुसार ट्रैक्टर और ट्रॉली दोनों पर स्पष्ट रूप से वाहन नम्बर अंकित होना चाहिए, लेकिन क्षेत्र में कई वाहन बिना नम्बर के संचालित हो रहे हैं। इससे यह सवाल उठ रहा है कि आखिर संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन इस ओर ध्यान क्यों नहीं दे रहे हैं।
कार्रवाई की मांग
क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि बिना नम्बर प्लेट के वाहनों के संचालन पर रोक लगनी चाहिए, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में किसी दुर्घटना की स्थिति में जिम्मेदारी तय की जा सके।
