Share

महराजगंज। थाना सिन्दुरिया पुलिस ने झूठे बलात्कार मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर अवैध वसूली करने के आरोप में एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवती लोगों को रेप केस में फंसाने का भय दिखाकर रुपये ऐंठती थी।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिन्दुरिया पुलिस ने यह कार्रवाई की।

ग्राम पड़री उर्फ मीरगंज निवासी सत्यदेव चौहान ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके भाई सूरज चौहान ने जानकी नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था। कुछ समय बाद विवाद होने पर जानकी ने सूरज चौहान और उनके रिश्तेदार अनिल चौहान के खिलाफ अपनी नाबालिग बहन से जुड़े कथित रेप मामले में मुकदमा दर्ज करा दिया, जिसके बाद दोनों जेल चले गए।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि युवती ने सत्यदेव चौहान और उनके बहनोई रामकेवल चौहान को भी झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी।

जेल भेजने से बचाने के नाम पर उसने 40 हजार रुपये वसूल लिए और बाद में एक-एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगी।मामले में थाना सिन्दुरिया पर मुकदमा अपराध संख्या 106/2026 धारा 308(6) व 317(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।

रविवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान जानकी पुत्री रामआशीष निवासी ग्राम अहिरौली टोला विशुनपुर घाट (मदरहा), थाना घुघली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 5,200 रुपये नकद, एक जोड़ी पीली धातु की बाली और एक वीवो वाई-21 मोबाइल बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी युवती के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित रंजन सिंह, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्य सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


Share