Share

कुदरहा। स्वगणना अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से ब्लॉक सभागार कुदरहा में आंगनबाड़ी एवं विकास विभाग के कर्मचारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज एवं सीडीपीओ देवेंद्र मिश्र ने की।

बैठक में कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन से शीघ्र स्वगणना करने तथा उसका स्क्रीनशॉट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी कर्मचारी पहले स्वयं की गणना पूर्ण करें, इसके बाद लाभार्थियों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आम लोगों को भी स्वगणना के लिए प्रेरित करें।

खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज ने कहा कि यदि किसी कर्मचारी को स्वगणना प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह ब्लॉक ट्रेनर एवं सुपरवाइजर से संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकता है। समस्या का समाधान न होने पर सीधे अधिकारियों से भी संपर्क करने की बात कही गई।

सीडीपीओ देवेंद्र मिश्र ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं स्वगणना करें और गांव के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक कर प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग दें।

कार्यक्रम का संचालन सीएम फेलो आनंद सोनी ने किया। बैठक में शीतल त्रिपाठी, माया पासवान, स्मिता शर्मा, रीता यादव, संध्या, रेखा मिश्रा, प्रेमलता मिश्रा, अखिलेश्वरी देवी, गुड़िया, शशिकला, रीना पाल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share