बस्ती। वरिष्ठ पत्रकार एवं विजयदूत समाचार पत्र के संस्थापक सदस्यों में शामिल बुद्धि सागर मिश्रा का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 58 वर्ष के थे और पिछले करीब एक वर्ष से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारिता जगत, सामाजिक संगठनों तथा शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
जनपद के ग्राम रहठौली निवासी बुद्धि सागर मिश्रा ने पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय तक सक्रिय रहकर अपनी अलग पहचान बनाई। विजयदूत समाचार पत्र में क्राइम रिपोर्टर के रूप में उन्होंने कई वर्षों तक निर्भीक और दमदार पत्रकारिता की। वह हमेशा आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे। थाना, तहसील और कचहरी में जिन लोगों की सुनवाई नहीं होती थी, उनकी आवाज बनकर खबर प्रकाशित करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा था।
सहकर्मियों के अनुसार बुद्धि सागर मिश्रा बेहद सरल, मिलनसार और निस्वार्थ स्वभाव के व्यक्ति थे। पत्रकारिता को उन्होंने केवल पेशा नहीं बल्कि समाज सेवा का माध्यम माना। गरीब, पीड़ित और जरूरतमंद लोगों के लिए वह हमेशा खड़े दिखाई देते थे।
उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक निर्भीक और संवेदनशील स्तंभ खो दिया है। अपने पीछे वह पत्नी, दो बेटियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। जानकारी के अनुसार उनका अंतिम संस्कार अयोध्या स्थित सरयू घाट पर किया जाएगा।
अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।
विभिन्न पत्रकार संगठनों और गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति बताया है।
