रिपोर्ट: राहुल मिश्रा |
सीतापुर। मिश्रिख विकासखंड की कई ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई पंचायतों में फर्जी हाजिरी लगाकर धन निकासी की जा रही है तथा मास्टर रोल में हेराफेरी कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह मामला किसी एक ग्राम पंचायत तक सीमित नहीं है, बल्कि दर्जनों पंचायतों में मनरेगा कार्यों में गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही हैं। आरोपों के अनुसार आट, झरिया, लकड़िया मऊ, आठवां, दशरथपुर, कुतुब नगर, ठाकुर नगर, नैमिष देहात, इस्लामनगर तथा डिखिया ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्यों में अनियमितताएं तेजी से बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की बात करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार का खेल जारी है। लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
