•स्विफ्ट कार से प्रतिबंधित कैप्सूल और टैबलेट बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार।
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना ठूठीबारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने देर रात वाहन चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सीमा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार तड़के लगभग 2:57 बजे भरवलिया पुल सैनिक रोड पर थाना ठूठीबारी पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।चेकिंग के दौरान पुलिस ने नेवी ब्लू रंग की मारुति स्विफ्ट कार (UP 55 AF 4641) को रोककर तलाशी ली।
कार में सवार तीन युवकों के कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित Spasmo Proxyvon Plus कैप्सूल और Nitrazepam टैबलेट बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील यादव निवासी परसामिर, थाना सिन्दुरियाअनुज सिंह निवासी आजाद नगर, थाना निचलौल, सुजय कुमार मंडल निवासी गड़ौरा बाजार, थाना ठूठीबारी के रुप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 729 Spasmo Proxyvon Plus कैप्सूल, 577 Nitrazepam टैबलेट, 4 मोबाइल फोन, 4,700 रुपये नकद और एक स्विफ्ट कार बरामद की।
पूछताछ में पुलिस को तस्करी से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।थाना ठूठीबारी में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
