Share

राजा चरत सिंह इंटर कॉलेज साहनपुर में पाक कला एवं पोषण संबंधी गतिविधियों का आयोजन

नजीबाबाद। राजा चरत सिंह इंटर कॉलेज, साहनपुर में समग्र शिक्षा माध्यमिक के निर्देशन में आयोजित समर कैम्प के चतुर्थ दिवस पर छात्राओं को स्थानीय व्यंजनों, मसालों, सब्जियों एवं फलों की विशेष जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्थानीय खान-पान, पारंपरिक पाक कला तथा पोषण संबंधी ज्ञान से परिचित कराना रहा।

शिक्षिका शिल्पी वर्मा के मार्गदर्शन में छात्राओं ने विभिन्न स्थानीय व्यंजनों की सूची तैयार कर उनसे संबंधित आकर्षक पोस्टर बनाए। इसके साथ ही पाक कला गतिविधि के अंतर्गत छात्राओं ने स्वयं विभिन्न प्रकार के स्थानीय व्यंजन बनाना भी सीखा। गतिविधियों में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता एवं कौशल का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर शिक्षिका शिल्पी वर्मा ने कहा कि समर कैम्प की गतिविधियाँ छात्राओं में आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच तथा जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने छात्राओं को समर कैम्प एवं अन्य पाठ्य सहगामी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

समर कैम्प में अमीर जहां, अलीशा, समीरन, इकरा, मुस्कान, मनीषा, वंशिका सहित अनेक छात्राओं ने प्रतिभाग किया।


Share