रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर/तंबौर। बुधवार को नितिन प्रसाद ने तंबौर क्षेत्र स्थित डेबर घाट पर निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, संरचनात्मक गुणवत्ता एवं जनसुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से पुल निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास की मजबूत नींव बेहतर बुनियादी ढांचे पर आधारित होती है और प्रदेश सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री नितिन प्रसाद ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार प्रदेश में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार गरीबों और आमजन के हित में लगातार सराहनीय कार्य कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
मंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे तथा पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।
