Share

मिश्रिख/सीतापुर। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के मोहल्ला चंद्रपुर वार्ड संख्या-21 में एमएसजीएम स्कूल के पास हाल ही में बनाई गई इंटरलॉकिंग सड़क कुछ ही दिनों में क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क के बीचों-बीच दरारें पड़ने और इंटरलॉकिंग धंसने से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

मोहल्लावासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके चलते नई सड़क अल्प समय में ही टूटने लगी। लोगों ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार की भूमिका की जांच की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की जमीनी स्तर पर जांच कराई जाए तथा यह पता लगाया जाए कि निर्माण कार्य में कितनी और किस प्रकार की सामग्री का प्रयोग किया गया।

क्षेत्रवासियों ने दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, भुगतान/वेतन रोकने तथा निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग उठाई है।

मोहल्लावासियों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो निर्माण कार्य में हुई अनियमितताओं की वास्तविकता सामने आ जाएगी।


Share