Share

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास 7, कालिदास मार्ग पर ऑनलाइन माध्यम से जनगणना प्रक्रिया के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक पूर्ण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश एवं देशवासियों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी करने की अपील करते हुए इसे राष्ट्र निर्माण की आधारभूत प्रक्रिया बताया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सटीक आंकड़े ही सशक्त नीतियों का आधार होते हैं और जनगणना के माध्यम से देश की वास्तविक जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति तथा विभिन्न आवश्यकताओं का सही आकलन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इससे सरकार को योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलती है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जनगणना केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की महत्वपूर्ण सहभागिता का माध्यम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे ऑनलाइन जनगणना के प्रथम चरण में बढ़-चढ़कर भाग लें और सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के मार्ग पर अग्रसर है और केंद्र तथा राज्य की डबल इंजन सरकार देश एवं प्रदेश को सशक्त और समृद्ध बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में जनता का सहयोग विकास को नई गति प्रदान करेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश की जागरूक जनता जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाकर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।इस अवसर पर शीतल वर्मा, गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Share