लखनऊ। जनगणना-2027 के अंतर्गत 7 मई से प्रारंभ हुई स्व-गणना प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय, महानगर में लखनऊ के पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की।
उन्होंने जनगणना विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवश्यक विवरण भरकर प्रपत्र सफलतापूर्वक जमा किया और नागरिकों को भी इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि देश के विकास की आधारशिला है। इसके माध्यम से सरकार को नागरिकों की सामाजिक, आर्थिक एवं आधारभूत आवश्यकताओं की सही जानकारी प्राप्त होती है, जिसके आधार पर भविष्य की योजनाएं तैयार की जाती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाए।
उन्होंने कहा कि स्व-गणना की सुविधा शुरू होने से अब लोग घर बैठे अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और सुगम बनी है। इससे समय की बचत होने के साथ-साथ आंकड़ों की शुद्धता भी सुनिश्चित होगी।
पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही जनगणना अभियान को सफल बनाया जा सकता है।उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 के अंतर्गत पहली बार नागरिकों को डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा प्रदान की गई है। इस व्यवस्था का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं नागरिक अनुकूल बनाना है।
