Share

मिश्रिख(सीतापुर)। नगर क्षेत्र से लेकर ग्राम पंचायतों तक छुट्टा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। सड़कों पर खुलेआम घूम रहे पशुओं के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों और नगरवासियों का आरोप है कि शासन द्वारा नगर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर गौशालाओं की व्यवस्था किए जाने के बावजूद छुट्टा पशु सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं। इससे संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण गौवंशों की उचित देखभाल नहीं हो पा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गौवंशों के लिए चारा, पानी और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का पालन प्रभावी ढंग से नहीं हो रहा है।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि छुट्टा पशुओं को तत्काल गौशालाओं में पहुंचाया जाए तथा संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके। वहीं क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस मामले में प्रशासन को गंभीरता दिखाते हुए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।


Share