•शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने थाना सदरपुर पहुंचकर जनसुनवाई की और आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित, न्यायोचित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राजस्व संबंधी विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने कहा कि आपसी विवादों से जुड़े मामलों में प्रभावी एवं शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील मामलों में नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से महिला संबंधी अपराधों, भूमि विवादों एवं अवैध कब्जों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा थाना समाधान दिवस से संबंधित रजिस्टर में शिकायतों के निस्तारण का पूरा विवरण दर्ज करने तथा समस्त अभिलेखों को अद्यतन बनाए रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
