Share

सोनौली बॉर्डर(महाराजगंज)। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सोनौली बॉर्डर स्थित ICP (इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट) परिसर तथा सीमावर्ती क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन प्रबंधन, चेकिंग प्रणाली, दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया और कानून-व्यवस्था की स्थिति का गहन जायजा लिया। इस दौरान सीमा पार आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की निगरानी व्यवस्था तथा ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा बलों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई।

डीएम और एसपी ने सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बनाए रखने तथा नियमित एवं प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा अवांछनीय गतिविधि मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।

अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी, आपसी समन्वय और सजगता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी संबंधित एजेंसियों को समन्वय के साथ सक्रिय रूप से कार्य करना होगा।


Share